एक ही रात दो घरों में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज और त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने घरों में घुसकर नगदी व जेवरात समेत करीब दस लाख रुपये की की चोरी। घटनाओं के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मन्नीजोत चौराहे पर रहने वाले विश्वनाथ अग्रहरी का परिवार इन दिनों बड़ी मुश्किल में है। विश्वनाथ अग्रहरी का तबियत खराब होने के कारण वे लखनऊ पीजीआई में भर्ती हैं और उनका बेटा भी वहीं मौजूद है। घर पर केवल महिलाएं थीं। रविवार की रात करीब दो बजे घर में आहट सुनकर उनकी बेटी ने मां को जगाया, लेकिन बाहर से कमरे का कुंडा बंद था। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो देखा कि घर के दूसरे कमरे का सामान बिखरा पड़ा है, दो कपाट टूटे हुए हैं और एक बाक्स गायब है। उस बाक्स में करीब 90 हजार रुपये नगद और लगभग सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे। परिजनों ने तुरंत 112 पीआरबी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन औपचारिकता पूरी कर तहरीर देने की बात कहकर लौट गई। दूसरी घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र के धनोहरी गांव में शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर हुई। यहां रामफेर मौर्य के घर को भी चोरों ने छत के रास्ते से निशाना बनाया। चोर घर से बाक्स और दो सूटकेस उठा ले गए। बाद में ये सूटकेस घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर घास लगे खेत में मिले। रामफेर मौर्य के अनुसार सूटकेस में रखे रुपये और करीब एक लाख रुपये के जेवर गायब थे। इस संबंध में सीओ डुमरियागंज बृजेश वर्मा ने बताया कि दोनों घटनाओं की जानकारी है। मौके पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम भेजी गई है। मामले की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।




