कीचड़ से सनी सड़क में फंस गई एम्बुलेंस, निकालने में छूटे पसीने

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बढ़नी के तौलिहवा गांव के टोला इटहिया के पूरब नदी के कटान पर एम्बुलेंस रविवार को सुबह फंस गई। गम्भीर मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस को निकालने में लोगों के पसीने छूट गयें। इस दौरान समाजसेवी चौधरी निसार अहमद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से एम्बुलेंस को बाहर निकलवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मेहनत कर एक माह से बन्द झुंगहवां-झुलनीपुर मार्ग पर आवागमन शुरू करवाया। बढ़नी ब्लॉक के झुंगहवां से तौलिहवा ग्राम पंचायत के इटहिया होते हुए झुलनीपुर तक जाने वाले मार्ग को 2021 में इटहिया के पूरब बूढ़ी राप्ती नदी ने काट दिया था, जिसके बाद काफी दिन तक पैदल, साइकिल व बाइक के अलावा कोई भी चार पहिया वाहन आ-जा नहीं सकता था। ग्रामीणों ने सड़क के मरम्मत के लिए काफी बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की लेकिन मरम्मत नहीं हुई। इससे यह समस्या बरकरार है।




