गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

ईंट भट्ठे पर वृद्ध चौकीदार की हत्या शव को मलबे और ईंटों के नीचे दबाया, मजदूरों ने ईंट लोडिंग के दौरान देखा

मोहाना/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र मोहाना के निरंजनपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर बुधवार सुबह सनसनी फैल गई। वहां काम कर रहे मजदूरों ने ट्रॉली में ईंट लोड करते समय एक वृद्ध का शव ईंटों और मलबे के नीचे दबा हुआ पाया। मृतक की पहचान सुकई पुत्र भदरी निवासी निरंजनपुर के रूप में हुई है। वह वर्षों से उसी भट्ठे पर चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह मजदूर भट्ठे से लिवर ट्रॉली में ईंटें लोड कर रहे थे। तभी उनकी नजर संदिग्ध तरीके से रखी गई ईंटों पर पड़ी। जब ईंटें हटाई गईं तो नीचे सुकई का शव मिला। किसी ने हत्या कर शव को ईंट और मलबे से ढक कर छुपा दिया था। शव के शरीर पर कई गहरे चोटों के निशान थे। विशेष रूप से सिर पर गम्भीर वार के निशान पाये गये हैं। इससे स्पष्ट है कि सुकई की हत्या बेरहमी से की गई। घटना की सूचना मिलते ही मोहाना थानाध्यक्ष रतीश चंचल पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भट्ठा परिसर को चारों तरफ से घेरकर साक्ष्य जुटाये गये। भट्ठा मालिक विजय प्रताप जायसवाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि सुकई उनके भट्ठे पर लम्बे समय से चौकीदारी का काम कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह हत्या है। किसी ने जानबूझकर शव को छुपाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एडिशनल एसपी प्रशान्त कुमार ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि मामले की गम्भीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। साक्ष्य एकत्र किये जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!