राप्ती नदी पर बना जर्जर पुल बना खतरा, भारी वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज क्षेत्र में राप्ती नदी के तट पर स्थित लगभग 57 वर्ष पुराना पुल अब क्षेत्रवासियों के लिए खतरा बनता जा रहा है। सार्वजनिक निर्माण निगम लखनऊ द्वारा वर्ष 1968 में निर्मित इस पुल में गम्भीर दरारें आ गई हैं। छत की बीमों में आई दरारें और स्प्रिंग में जंग लगने जैसी स्थितियों के चलते प्रशासन ने अत्यन्त जर्जर और असुरक्षित घोषित किया है। पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने 3 अगस्त को एक आदेश जारी कर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने के निर्देश दिये। इसके अनुपालन में सोमवार की रात से ही थाना डुमरियागंज के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिसकर्मी पुल पर डटे रहे और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ना शुरू कर दिया। डुमरियागंज-बढ़नी मार्ग पर स्थित इस पुल की छत की कई बीमों में स्पष्ट रूप से दरारें देखी जा सकती हैं। वर्षों से उचित देखरेख के अभाव में यहां सुरक्षा के तमाम उपकरण भी जंग खा चुके हैं। यह मार्ग न केवल क्षेत्रीय आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि शाहपुर मण्डी और बढ़नी के रास्ते नेपाल तक जाने वाले सैकड़ों भारी वाहनों का भी प्रमुख मार्ग रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार एसडीएम डुमरियागंज और लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया, जिसमें सेतु की स्थिति को बेहद जर्जर और सुरक्षा की दृष्टि से खतरनाक पाया गया। इसके मद्देनज़र सेतु पर तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश दिया गया। प्रशासन ने आम जनता खासकर वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक रूट का पालन करें और पुल पर किसी भी प्रकार का दबाव न डालें। यह कदम जनहित और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है। साथ ही पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं।
वैकल्पिक रूट मैप इस प्रकार है
बस्ती से नेपाल की ओर जाने वाले भारी वाहन रू मनौरी (बस्ती) से ककरहवा मार्ग होते हुए रानीगंज (बांसी), इटवा, सहियापुर मण्डी और फिर बढ़नी होकर नेपाल जायेंगे। डुमरियागंज तक पहुंच चुके वाहन रू बैदौला चौराहा होते हुए पथरा बाजार, बांसी, रानीगंज होकर इटवा जायेंगे। सहियापुर मण्डी से जाने वाले वाहन रू धोबहा, खुनियांव, बांसी होते हुए निकलेंगे। ढेबरुआ से आने वाले वाहन रू इटवा कस्बा होकर गोल्हौरा, बांसी मार्ग से बस्ती-ककरहवा मार्ग होते हुए गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। कादिराबाद, बिथरिया और भरवठिया के वाहन रू मन्नीजोत से सहियापुर, इटवा होकर बांसी की ओर रवाना होंगे।




