बासी के मालीजोत-रेहरा मार्ग पर ग्रामीणों का चलना मुश्किल, स्कूली बच्चों का गड्डों से भरा सड़क बना परेशानी

बांसी/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी ब्लॉक के संग्रामपुर क्षेत्र में मालीजोत-रेहरा मार्ग की स्थिति अत्यन्त खराब हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ ने लोगों का आवागमन मुश्किल बना दिया है। श्री दिवाकर दत्त संस्कृत पाठशाला से संग्रामपुर होते हुए लक्ष्मी चौरसिया के खेत के पास से रेहरा तक जाने वाली इस सड़क पर चलना लगभग असम्भव है। गड्डों में गन्दा पानी भरा रहता है। नालियों का पानी भी सड़क पर आ जाता है। स्कूली बच्चे, सरकारी कर्मचारी और स्थानीय निवासी रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं। खराब सड़क के कारण कई लोग चोटिल हो चुके हैं। पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय समाजसेवी अतुल उपाध्याय ने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर इस समस्या पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के गड्ढा मुक्त सड़क के आदेश की यहां खुलेआम अवहेलना हो रही है। ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत के अधिकारी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल झूठे आश्वासन दे रहे हैं। बाहर से आने वाले अतिथियों को भी इस मार्ग पर आने में परेशानी होती है। अनिल विश्वकर्मा, प्रमोद, सन्तराम, हरीश चौरसिया, वेद प्रकाश, मुदित भार्गव आदि स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। यह स्थिति स्थानीय विकास की कमी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को दर्शाती है।




