दिव्यांग युवक नौशाद अहमद को नहीं मिल पा रहा सरकारी योजनाओं का लाभ

बहराइच। दिव्यांग युवक नौशाद अहमद की ज़िंदगी सरकार की योजनाओं से दूर सिर्फ़ इंतजार और संघर्ष में बीत रही है जो उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर ब्लॉक के कोठवल कला गांव में रहने वाले हैं। वर्षों से वह ट्राई साइकिल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अफसरों और जनप्रतिनिधियों के दरवाज़े खटखटाने के बाद भी उन्हें अब तक कोई मदद नहीं मिली। यह मामला न केवल सिस्टम की संवेदनहीनता को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल उठाता है कि क्या वाकई सरकार की दिव्यांगजन योजनाएं ज़मीन पर लागू हो रही है।
विकलांगता बना बेबसी का कारण
नौशाद अहमद, जो ग्राम पंचायत कोठवल कला के निवासी हैं, अपने पैरों की कमजोरी के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उन्हें एक सरकारी ट्राई साइकिल की आवश्यकता है ताकि वह रोजमर्रा के कार्यों के लिए स्वतंत्र रूप से कहीं आ-जा सकें। मगर उन्हें अभी तक किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल सका।
कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार
नौशाद ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। किसी ने भी इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। मजबूरी में आज भी वह डंडे और वैशाखी के सहारे ही इधर-उधर जाने को मजबूर हैं।




