सिद्धार्थनगर : परिषदीय विद्यालयों के लिए जारी हुआ 3680 सीयूजी सिम

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों को जल्द ही सीयूजी फोन नंबर उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को सिम सौंपे। अब बीआरसी स्तर से सभी विद्यालयों को सिम उपलब्ध कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालयों में डिजिटल तकनीकी को बढ़ावा दे रहा है। शासन ने पिछले दिनों एमडीएम पंजिकाए छात्र उपस्थिति रजिस्टर और अन्य पंजिकाओं को ऑनलाइन करने के आदेश दिए थे। विभाग ने 1910 परिषदीय प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में शिक्षकों को 3699 टेबलेट वितरित किए थे। इन टेबलेट के संचालन के लिए सिम कार्ड को लेकर काफी समय तक भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।
शासन ने सिम कार्ड के लिए कंपोजिट ग्रांट से धनराशि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शिक्षक अपनी आईडी पर सिम लेना नहीं चाह रहे थे। यह समस्या अधिकारियों के सामने रखी गई थी। इस समस्या के समाधान के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने टेबलेट के संचालन के लिए जनपद स्तर से ही सिम की व्यवस्था कराने के निर्देश जारी हुए। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि समस्त विकास खंडों को कुल 3680 सीयूजी पोस्टपेड सिम उपलब्ध करा दिए गए हैं। सभी बीइओ को शीघ्र ही विद्यालयों को सिम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सिम में पर्याप्त डेटा के साथ अन्य सुविधाएं भी होंगी। इस दौरान जिला समन्वयक रीतेश श्रीवास्तव एसुरेंद्र श्रीवास्तव व संदीप सिंह एबीइओ राम कुमार एकमला प्रसाद एअखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।




