‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पयागपुर में हुआ व्यापक वृक्षारोपण
पयागपुर बहराइच। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद बहराइच की सभी तहसीलों एवं विकास खंडों के गांवों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। इसी क्रम में वन विभाग के तालाब बघेल पयागपुर रेंज द्वारा पयागपुर क्षेत्र तथा गोंडा-बहराइच मार्ग पर बलभद्र महाविद्यालय के निकट बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। अभियान में रेंजर, डिप्टी रेंजर, वन दरोगा, फॉरेस्ट गार्ड तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। कार्यक्रम में फॉरेस्ट गार्ड रवी वर्मा, कपिल देव सिंह, चन्द्र सेन सिंह, दर्शन लाल, गोविंद कुमार, मिठ्ठू लाल सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




