सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ अभियान पर जोर

दैनिक बुद्ध का सन्देश
सिद्धार्थनगर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ (जेडएफडी) अभियान की समीक्षा बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है।बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट’ अभियान पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के समन्वय से संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सड़क सुरक्षा, जागरूकता, नियमों के अनुपालन और त्वरित चिकित्सा सहायता पर विशेष ध्यान दिया जाता है।बैठक में दुर्घटना के बाद घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने, एम्बुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा गोल्डन ऑवर के दौरान बेहतर उपचार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनसहभागिता को अभियान की सफलता की कुंजी बताया।




