भारी बारिश से बरगद का पेड़ गिरा, जाइलो गाड़ी चकनाचूर — बड़ा हादसा टला

बहराइच। बहराइच जनपद के थाना हरदी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जोत चाँद पारा में शनिवार सुबह लगभग 4 बजे तेज बारिश के चलते एक विशाल बरगद का पेड़ अचानक गिर पड़ा। यह घटना महाराजगंज–नौतला संपर्क मार्ग पर स्थित गोरिया हरिगोविंद शुक्ला निर्मला देवी पब्लिक स्कूल के पास हुई। पेड़ गिरने से पास में खड़ी जाइलो (UP34S9600) गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
गाड़ी मालिक मनोज अवस्थी ने तुरंत एसडीएम महसी को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ महसी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने तत्काल वन विभाग को सूचना देकर सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने और रास्ता सुचारू करने के निर्देश दिए।
वहीं, क्षेत्रीय लेखपाल उमेश पाठक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिससे रास्ता जो बाधित बना हुआ था और आवागमन में परेशानी बनी हुई थी। वन विभाग ने पेड़ हटाकर मार्ग को पूरी तरह चालू करवा दिया है।




