श्री राम विवाह महोत्सव पर विशाल भंडारे का आयोजन

बलरामपुर। श्री हनुमान मंदिर तुलसीदास पोखरा,रानी तालाब पर श्री राम विवाह महोत्सव के पावन अवसर पर श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति द्वारा विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में जनपद भर से आए श्रद्धालु भक्तजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। श्री राम विवाह महोत्सव की दिव्य झांकी और भक्ति भाव से ओत-प्रोत वातावरण ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भंडारे में अनुशासित व्यवस्था,स्वच्छता एवं सेवा भाव की सर्वत्र सराहना की गई। इस अवसर पर गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज,भाजपा जिला अध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा,इकौना विधायक राम फेरन पांडेय,सदर विधायक पलटू राम,सपा नेता सलिल सिंह ‘टीटू’,भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस,रामनरेश त्रिपाठी,गौरव मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि,गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बताया। श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों,स्वयंसेवकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक-सामाजिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया। आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धा-भाव के साथ संपन्न हुआ।




