शिक्षा उन्नयन गोष्ठी में सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान, योगदान को मिला गरिमामय सलाम

महराजगंज/सिसवा बाजार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित शिक्षा उन्नयन गोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह में वर्ष 2018 से 2025 के बीच सेवानिवृत्त हुए 10 शिक्षकों को सिसवा बीआरसी परिसर में गरिमापूर्ण तरीके से सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी और खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह ने सभी शिक्षकों को मोमेंटो और अंगवस्त्र प्रदान किए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं। समाज और देश को दिशा देने में शिक्षक की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि आज हम अपने अग्रज शिक्षकों की सेवाओं को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। समारोह में आए सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों और अतिथियों का स्वागत ब्लॉक मंत्री धीरज कुमार शाही ने किया। इस अवसर पर आदित्य नारायण तिवारी, रामकेशव दास, प्रेमलाल पटेल, रामधनी मौर्य, योगेंद्र नारायण, कोईली देवी, हरिकेश्वर पटेल और अमरनाथ सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रति सभी अतिथियों का आभार जिलामंत्री एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मिश्र ने व्यक्त किया, जबकि संचालन नवीन कुमार शुक्ल ने किया। समारोह में विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, मंत्री और अजय पांडेय, सत्यवान दूबे, इंद्रजीत यादव, सुरेंद्र गुप्ता, सुधीर रंजन, धर्मेंद्र सिंह, अमित शर्मा, रजत शुक्ला सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।




