राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को किया गया नमन

श्रावस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ पटेल चौक दहाना से हुआ, जहां सभापति नवलेश प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पांडेय, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी तथा जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम के तहत “यूनिटी मार्च” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल व स्कूली बच्चों ने भाग लिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं व सूचना विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। वक्ताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने रियासतों का एकीकरण कर देश की अखंडता सुनिश्चित की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों की व्यापक सहभागिता रही।




