ग्रामीण खेल प्रतिभा की नई उड़ान , बीरपुर सेमरा में रजा क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ,

बलरामपुर। विकास खंड पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम बीरपुर सेमरा में रविवार को रजा क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ खेल भावना और उत्साह के माहौल में हुआ। मैदान में उमड़ी भारी भीड़ और युवाओं का जोश इस आयोजन को विशेष बना गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य साजिद खान, हाशिर हबीब, शादाब रफ़ी तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीरपुर अब्दुल कय्यूम उर्फ ललाऊ और शोएब कमर सहित बेहतर समझो टीम के सभी सदस्यों ने अतिथियों का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। आयोजन समिति की ओर से उत्कृष्ट व्यवस्था और अनुशासित प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाया। इस अवसर पर अजय प्रताप थारू, वसीम अहमद, सलीम खान, गुलाम रब्बानी, विनय गुप्ता, सलीम अहमद, नसीम अहमद और खुर्शीद अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन मैच में चन्द्रौटा (नेपाल) और बलरामपुर की टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से मैदान गुंजायमान कर दिया। पंकज कुमार की ऊर्जावान और मनोरंजक कमेंट्री ने खेल में जान डाल दी, जिससे पूरा वातावरण जोश और रोमांच से भर गया। मुख्य अतिथि साजिद खान ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को उजागर करने का माध्यम हैं। खेल युवाओं को अनुशासन, स्वास्थ्य और भाईचारे की भावना सिखाता है। उन्होंने आयोजन टीम की सराहना करते हुए कहा कि रजा क्रिकेट क्लब जैसे प्रयास ग्रामीण समाज में खेल संस्कृति को नई दिशा दे रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। रजा क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट न केवल एक खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि यह ग्रामीण एकता, उत्साह और युवा शक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा।




