किसानों को खराब धान, बीज और यूरिया खाद की है किल्लत
इटवा में भाकियू ने की पंचायत, नेपाल में यूरिया बिकने का लगाया आरोप।

इटवा/सिद्धार्थनगर। इटवा में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में सिंचाई विभाग कॉलोनी परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों ने यूरिया की कमी और खराब धान बीज की समस्या को प्रमुखता से उठाया। मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले का यूरिया नेपाल में बेचा जा रहा है। इस कारण किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी और ब्लॉक सचिवों को इस समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराया। साथ ही इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पूर्वांचल सचिव मोहम्मद सादिक, प्रदीप कुमार और जिला प्रवक्ता लक्ष्मण चौधरी ने कृषि विभाग द्वारा वितरित धान बीज की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खराब बीज के कारण धान की बालियां समय से पहले फूट गईं। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और प्रभावित किसानों को मुआवजे की मांग की। अन्य वक्ताओं ने समितियों में पर्याप्त यूरिया की उपलब्धता और उसके उचित वितरण की मांग की। कार्यक्रम में हरिश्चन्द्र चौधरी, अरविन्द शुक्ला, सूर्य प्रकाश सिंह, शब्लू खान, राम संवारे चौधरी सहित कई पदाधिकारी और किसान उपस्थित थे।




