मन्नीजोत गांव में मां काली स्थान पर भंडारे का आयोजन

भनवापुर/सिद्धार्थनगर। तहसील क्षेत्र के मन्नीजोत गांव स्थित मां काली के स्थान पर मंगलवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन गांव के सभी श्रद्धालु ग्रामीणों के सहयोग से किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम की अगुवाई रिश्ते धुरिया ने किया, सावन माह में अच्छी बारिश की कामना और क्षेत्र में सुख-शांति हेतु ग्रामीणों ने यह सामूहिक भंडारा आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण और भंडारे की व्यवस्था की गई। जन कल्याण समिति के सचिव सच्चिदानन्द मिश्रा का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों का मानना है कि सावन माह में मां काली की विशेष कृपा से वर्षा होती है और फसलों की स्थिति बेहतर रहती है। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता व क्षेत्रीय श्रद्धालु भी उपस्थित रहे। भंडारे के सफल आयोजन में सभी ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।




