माइनर में पानी न आने से किसान हुए मायूस, किसानों की धान की रोपाई हुई बंद

पयागपुर/बहराइच। बहराइच जिले के पयागपुर विकासखंड अंतर्गत पयागपुर शिवदहा रोड पर खजुरी गांव के निकट स्थित माइनर सूखी पड़ी हुई है। काफी दिनों से माइनर में नहीं आ रहा पानी, जिससे धान की रोपाई करने में किसानों को ज्यादा परेशानी हो रही है। बड़ी सरयू नहर से माइनर नहर में पानी न आने से किसान काफी नाराज एवं आक्रोशित दिखाई पड़ रहे हैं क्योंकि इस समय धान की रोपाई बड़ी तेजी से चल रही है लेकिन पानी के अभाव में किसान धान की रोपाई करने में असमर्थ दिखाई पड़ रहे हैं। माइनर में पानी न आने के कारण जो किसान धान रोपित कर चुके हैं उनका धान सूखने के कगार पर है क्योंकि इस समय बारिश भी नहीं हो रही है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी किसानों की समस्या पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे माइनर में पानी न आने के कारण किसानों की खेती चौपट होती जा रही है। किसानों में राघव पांडे ने बताया कि जब जरूरत नहीं होती है तब माइनर में पानी आता है लेकिन जब जरूरत है तो माइनर में पानी नहीं आ रहा है, बड़ी नहर पर कार्य करने वाले सिंचाई विभाग के कर्मचारी भी काफी उदासीनता दिखा रहे हैं। अब हमारे जैसे कई किसानों की धान की रोपाई सही समय से नहीं हो पा रही है और अगर ऐसे ही रहा माइनर में पानी नहीं आया तो धान की फसल बिल्कुल चौपट हो जाएगी। किसानों ने माइनर में पानी चालू करवाने की मांग किया है।



