दुष्ट व्यक्ति को भी भागवत कथा श्रवण से मिलता है मोक्ष रू पं० सुभाष चंद पाण्डेय

उसका बाजार। क्षेत्र के ऊंटापार में चल रहे संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दूसरे दिन श्रोताओं को कथा का रसपान कराते हुए कथावाचक पंडित सुभाष चंद्र पाण्डेय ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से दुष्ट व्यक्ति का भी मोक्ष हो जाता है। कथा को विस्तार देते हुए पंडित सुभाष चंद्र पाण्डेय ने वराह अवतार की कथा सुनाते हुए कहा कि भगवान विष्णु ने वराह अवतार लेकर हिरण्याक्ष नामक असुर का वध किया था। हिरण्याक्ष को भगवान ब्रह्मा से वरदान प्राप्त था कि वह किसी भी देवता, असुर, मनुष्य या पशु द्वारा मारा नहीं जा सकता है। लेकिन भगवान विष्णु ने वराह अवतार लेकर उसे मार दिया। वराह अवतार की कथा के पीछे एक महत्वपूर्ण संदेश है। यह कथा हमें सिखाती है कि लोभ और अहंकार कैसे हमारे जीवन को बर्बाद कर सकते हैं। हिरण्याक्ष की कहानी हमें यह भी सिखाती है कि भगवान की कृपा से ही हम अपने जीवन को सुधार सकते हैं। इसके अलावा दूसरे दिन की कथा में धुंधकारी की कहानी भी सुनाई गई।धुंधकारी एक दुष्ट प्रवृत्ति का व्यक्ति था जिसने अपने जीवन में बहुत सारे पाप किए थे। लेकिन भगवान की कृपा से उसे भी मोक्ष प्राप्त हुआ। कथा में मुख्य यजमान अमर सिंह, अनीता सिंह सहित राकेश सिंह, अवधेश सिंह, सतेंद्र पाण्डेय, राहुल पाण्डेय आदि लोग उपस्थित रहे।


