गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसोनभद्र

एसपी ने नगर सर्किल का अर्दली रूम कर अपराध, जनसुनवाई, मिशन शक्ति व साइबर अपराधों की समीक्षा की

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से बुधवार रात थाना रॉबर्ट्सगंज में नगर सर्किल (थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना चोपन) का अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत, थाना रॉबर्ट्सगंज एवं थाना चोपन के प्रभारी निरीक्षक, सर्किल के सभी चौकी प्रभारी तथा अन्य उपनिरीक्षक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना-पत्रों एवं जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक विवेचना निष्पक्ष, पारदर्शी एवं साक्ष्य आधारित हो तथा किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब न किया जाए। महिला एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। मिशन शक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए एसपी ने महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने तथा महिला हेल्पलाइन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, पीड़ितों की धनराशि शीघ्र वापस कराने, साइबर हेल्पलाइन 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण के लिए वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटों के तामील, निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों एवं अराजक तत्वों पर सतत निगरानी रखने, नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को हर हाल में सुदृढ़ बनाए रखा जाए और जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम किया जाए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप उत्कृष्ट पुलिसिंग सुनिश्चित करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

Related Articles

Back to top button