सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए सरकारी कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय, लखनऊ के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाले सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल में प्रतिभाग के लिए जनपद के पात्र सरकारी कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह चयन प्रक्रिया जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तर पर आयोजित की जाएगी। जिला क्रीड़ा अधिकारी समीम अहमद ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार केवल पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी ही इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र होंगे। परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग के कुछ स्वायत्त निकायों तथा ऑटोनॉमस संस्थाओं के कर्मचारी इसमें पात्र नहीं होंगे। चयन प्रक्रिया जिला स्तरीय चयन समिति की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी। जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन 06 अगस्त, 2026 को जिला खेल कार्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम, सोनभद्र में किया जाएगा। इसके बाद मंडल स्तरीय ट्रायल 12 एवं 13 अगस्त, 2026 को क्षेत्रीय खेल कार्यालय, विंध्याचल मंडल, मीरजापुर तथा प्रदेश स्तरीय ट्रायल 19 एवं 20 अगस्त, 2026 को आयोजित होंगे। चयन/ट्रायल में टेनिस, वॉलीबॉल, बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, पावरलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो एवं योगासन सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागी सरकारी कर्मचारी अपने विभाग से निर्धारित प्रारूप पर अनुमति प्राप्त कर आवश्यक विवरण सहित आवेदन के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होंगे। चयन/ट्रायल में भाग लेने की अवधि को ड्यूटी माना जाएगा तथा यात्रा भत्ता एवं अन्य देय भुगतान संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी पात्र सरकारी कर्मचारियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।




