विद्यालय के प्रवेश द्वार पर गंदगी का अंबार नाक बंद कर गेट पार करने को मजबूर छात्र

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। म्योरपुर, स्थानीय विकासखंड के ग्राम पंचायत सांगोबांध बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास गंदगी का अंबार लगने से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के गेट के ठीक बगल में बाजार का कचरा, प्लास्टिक, सड़े-गले फल, जूठन और अन्य अपशिष्ट फेंके जाने से वहां कूड़ाघर जैसी स्थिति बन गई है। छात्रों ने बताया कि दुर्गंध इतनी तेज रहती है कि उन्हें नाक बंद कर विद्यालय में प्रवेश करना पड़ता है। छुट्टी के समय भी इसी दुर्गंध के बीच बाहर निकलना पड़ता है। इससे स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में पढ़ाई करने का अधिकार प्रभावित हो रहा है तथा संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। छात्रों और ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए विद्यालय के गेट के पास जमा कूड़े को तत्काल हटाने तथा भविष्य में वहां कचरा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखना बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा, दोनों के लिए जरूरी है।मामले को लेकर एडीओ पंचायत अजय सिंह ने बताया कि गेट के पास अगर गंदगी है तो उसे तत्काल साफ करवा दिया जाएगा।




