नई हिंदुआरी में 1.60 करोड़ से बनेगी आत्मनिर्भर वृहद गौशाला, डीएमएफ फंड से मिली मंजूरी

दैनिक बुद्ध का संदेश
सोनभद्र। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए सोनभद्र जिला प्रशासन ने नई हिंदुआरी में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से 1.60 करोड़ रुपये की लागत से आत्मनिर्भर वृहद गौशाला के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। प्रस्तावित गौशाला में गोवंश के सुरक्षित आवास के लिए दो आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिनके निर्माण पर 82.88 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा वर्षभर चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 12.67 लाख रुपये की लागत से चारा भंडारण कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से परिसर में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट भी स्थापित की जाएगी। गोबर से तैयार होने वाली जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय का उपयोग गोवंश के चारा, पेयजल, उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर किया जाएगा, जिससे गौशाला का संचालन आर्थिक रूप से सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बन सके। जिलाधिकारी ने बताया कि गौशाला में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण, पशु चिकित्सा सुविधा और समुचित देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना गोवंश संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




