गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

खेसरहा विकासखंड क्षेत्र के बेलऊख स्कूल परिसर में जलभरावः बारिश से छात्रों की आवाजाही मुश्किल, अभिभावकों ने स्थायी समाधान मांगा

दैनिक बुद्ध का संदेश
खेसरहा। खेसरहा क्षेत्र के कंपोजिट जूनियर हाई स्कूल बेलऊख का परिसर बरसात के कारण तालाब में तब्दील हो गया है। विद्यालय के मुख्य भवन के सामने भारी जलभराव और कीचड़ जमा होने से छात्र-छात्राओं को आवाजाही में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को कक्षाओं तक पहुंचने के लिए पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर साल बरसात में ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इसका समाधान नहीं किया गया, तो बच्चों के फिसलकर चोटिल होने और संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ सकता है।अभिभावक मेवा लाल ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को प्रतिदिन कीचड़ और पानी से होकर विद्यालय के मुख्य भवन तक जाना पड़ता है। जमालुद्दीन ने बताया कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिसका अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। राम भवन ने कहा कि विद्यालय के मुख्य भवन के सामने जलभराव शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति को दर्शाता है। पूनम ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल जल निकासी और इंटरलॉकिंग जैसी व्यवस्था की मांग की।विद्यालय के प्रधानाध्यापक जावेद अहमद ने पुष्टि की कि बरसात के दौरान मुख्य भवन के सामने जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत को सूचित कर दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द इसका समाधान किया जा सके।ग्राम प्रधान मीरा के प्रतिनिधि संतोष ने बताया कि यह समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button