सीओ हर्षिता तिवारी और एसएचओ संदीप द्विवेदी की टीम ने कर दिखाया कमाल, दो मासूम सुरक्षित बरामद
बहराइच। बहराइच के थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र से लापता हुए दो स्कूली बच्चों को बहराइच पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार गोधना गांव निवासी करण तिवारी (12) और हर्षित तिवारी (11) गुरुवार सुबह स्कूल के लिए निकले थे। रास्ते में गोधना मोड़ स्थित एक दुकान पर अपनी साइकिल खड़ी करने के बाद दोनों अचानक लापता हो गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने थाना विशेश्वरगंज में सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही सीओ पयागपुर हर्षिता तिवारी के निर्देशन में तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। थानाध्यक्ष संदीप द्विवेदी के नेतृत्व में तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और विभिन्न जनपदों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चलाया गया।
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के दौरान दोनों बच्चों की लोकेशन दिल्ली में मिली, जहां से उन्हें सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चों को वापस लाने के लिए बहराइच पुलिस की टीम परिजनों के साथ दिल्ली रवाना हो गई है।
बच्चों के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है। इस सफल अभियान की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।





