पयागपुर में नई तैनाती, पूजा चौधरी के नेतृत्व में बदलेगी प्रशासनिक तस्वीर

दैनिक बुद्ध का संदेश
पयागपुर बहराइच। प्रशासनिक फेरबदल के तहत पूजा चौधरी को पयागपुर का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। जल्द ही वह अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी। उनकी नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। प्राप्त जानकारी अनुसार पूजा चौधरी इससे पहले बहराइच मुख्यालय में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट (द्वितीय) के पद पर कार्यरत थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक मामलों के त्वरित निस्तारण, अनुशासित कार्यशैली और जनहित से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई। इन्हीं अनुभवों के आधार पर उन्हें पयागपुर जैसी महत्वपूर्ण तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई तैनाती के साथ अब कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों, जनशिकायतों के निस्तारण और शासन की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगी। वहीं, पयागपुर के निवर्तमान एसडीएम अश्वनी पांडेय का तबादला कर उन्हें बहराइच मुख्यालय में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट (प्रथम) बनाया गया है। अपने कार्यकाल में उन्होंने अतिक्रमण हटाने के अभियान, भू-माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई, संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। अब पयागपुर की कमान पूजा चौधरी के हाथों में होगी। लोगों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में तहसील में सुशासन, पारदर्शिता और विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।




