पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने उठाई स्मार्ट मीटर व बिजली कटौती की समस्या, विभाग ने दिया आश्वासन

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती। नगर में बढ़ती बिजली समस्याओं को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से सीधा संवाद किया। उनके साथ सैकड़ों पीड़ित महिलाएं भी मौजूद रहीं, जिन्होंने अपनी समस्याएं मजबूती से रखीं। राना दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में अत्यधिक वृद्धि हो रही है। वहीं नगर पंचायत को स्वतंत्र फीडर से जोड़ने में विभागीय लापरवाही के कारण अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने बताया कि नगर के तीन वार्ड अब तक मुख्य फीडर से नहीं जुड़ सके हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई लाइनमैन बिना पैसे लिए खराब लाइन ठीक करने नहीं आते। विजिलेंस छापेमारी के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है और व्यापारियों का उत्पीड़न हो रहा है। कई मोहल्लों में आज भी बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति हो रही है, जो किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है। ओम फिलिंग पेट्रोल पंप के आसपास समेत कई इलाकों में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगे होने से बिजली सप्लाई बेहद कमजोर है। अनियमित कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रात्रि में बिजली खराब होने पर किसी कर्मचारी या अधिकारी से संपर्क न हो पाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। आंबेडकर नगर वार्ड में सड़क किनारे ट्रांसफार्मर लगाए जाने से चारपहिया वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है। साथ ही स्थायी अवर अभियंता की तैनाती न होने से समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। घंटों चली वार्ता के बाद अधिशासी अभियंता इंजीनियर अरुण सिंह ने एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरों की जांच कराई जाएगी और सभी वार्डों की समस्याओं के निस्तारण के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। इस दौरान सभासद राजेश पाण्डेय, राजकुमार चौधरी, महिला नेता मीना निषाद सहित बड़ी संख्या में लोग कार्यालय में मौजूद रहे और अपनी नाराजगी जताई।




