प्रमोशन के बाद जारी हुए आदेश, सुशील कुमार बने बहराइच के एआरटीओ (प्रशासन)

दैनिक बुद्ध का संदेश
लखनऊ। परिवहन विभाग की ओर से अधिकारियों को पदोन्नति दिए जाने के बाद सोमवार को नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए। विभाग ने कुल छह अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस क्रम में ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत सुशील कुमार को पदोन्नत कर एआरटीओ बनाया गया है। उन्हें बहराइच में एआरटीओ (प्रशासन) के पद पर तैनाती दी गई है। लंबे समय से प्रतीक्षा में रहने के बाद अब उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। बताया जा रहा है कि सुशील कुमार पूर्व में हरदोई में संभागीय निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। बाद में उनका स्थानांतरण लखनऊ ट्रांसपोर्टनगर कार्यालय में हुआ, जहां पदोन्नति के बाद अब उन्हें नई तैनाती मिली है। इसी क्रम में अजीत सिंह को जौनपुर में एआरटीओ (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं आकांक्षा सिंह पटेल को गाजियाबाद में एआरटीओ (प्रवर्तन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रेम सिंह को फिरोजाबाद में एआरटीओ (प्रशासन) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा संजय कुमार सिंह को सिद्धार्थनगर और वीरेंद्र प्रताप यादव को चित्रकूट में एआरटीओ (प्रशासन) पद पर तैनात किया गया है। परिवहन विभाग के इन तबादलों को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती के बाद संबंधित अधिकारी जल्द ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।



