गंडारा में बस ड्राइवर की दबंगई, पत्रकार को कुचलने की दी धमकी

बहराइच। जनपद के जरवल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गंडारा पुलिस चौकी के पास एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दिल्ली जाने वाली एक बस के ड्राइवर ने एक पत्रकार को खुलेआम कुचलने की धमकी दे दी। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार मौके पर अपने कार्य के दौरान किसी विषय की जानकारी जुटाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बस ड्राइवर से साइड मांगी, लेकिन ड्राइवर ने साइड देने से इनकार कर दिया। इस पर आपत्ति जताने पर ड्राइवर आक्रामक हो गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए पत्रकार को धमकाया कि “बस से कुचल देंगे।”
इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पत्रकारों की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। मौके पर मौजूद लोगों ने भी ड्राइवर के व्यवहार पर नाराजगी जताई।
क्रांतिकारी पत्रकार परिषद के जिला उपाध्यक्ष नौशाद खान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में पत्रकारों और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
फिलहाल, इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।




