नेपाल निवासी ने फर्जी आधार कार्ड लगाकर खरीदा खेत, हुई जांच शुरू

खुनुवां/सिद्धार्थनगर। तहसील शोहरतगढ़़ के मदरहना जुनुबी गांव में नेपाली नागरिक ने फर्जी आधार कार्ड और प्रपत्र से खेत खरीदा है। नेपाली नागरिक के खेत खरीदने का मामला सामने आते ही प्रशासन जांच में जुट गई है। इस मामले की शिकायत शासन स्तर और पुलिस के अधिकारियों से की गई है। अब तहसील प्रशासन इस खोज में जुट गई है कि नेपाल निवासी का आधार कार्ड कहा बना। बैनामा कराने से लेकर दाखिल खारिज होने में जांच हुई थी या नहीं। शोहरतगढ़ तहसील के मदरहना जुनूबी गांव के टोला पड़़रहवा निवासी उमाशंकर शुक्ला ने आरोप लगाया कि नेपाल नागरिक ने खेत की खरीदारी की है। इस सम्बन्ध में पहले तहसील में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। नेपाली नागरिक ने खेत की खरीदारी साक्ष्य के रूप में आधार कार्ड लगाया है, जबकि किसी दूसरे देश के नागरिक का आधार कार्ड नहीं बन सकता है। जबकि नेपाल की नागरिकता सम्बन्धित सरकारी दस्तावेज और मतदाता सूची में आरोपित का नाम दर्ज है। इस सम्बन्ध में सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने बताया कि इस मामले की अभी जानकारी हुई है। इसकी जांच कराई जायेगी। वहीं इसी सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़़ विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि नेपाल निवासी नागरिक के खेत खरीदने के मामले की जांच हो रही है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस का भी सहयोग लिया जायेगा। मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।




