मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

श्रावस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) श्रावस्ती में आज मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों में मानवीय संवेदनाओं, नैतिकता एवं संविधान में निहित मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य संतोष कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, समानता, भाईचारा और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित आदर्श तभी साकार होंगे जब शिक्षक अपने आचरण से इन मूल्यों को व्यवहार में लाएँगे। प्रशिक्षण के प्रथम दिन विशेषज्ञ ओमप्रकाश यादव ने प्रतिभागियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यालयी जीवन में नैतिक मूल्यों के समावेश के विविध उपायों पर भी चर्चा की।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों से आए शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। प्रशिक्षण के दौरान समूह चर्चा, व्यवहारिक गतिविधियाँ और केस स्टडी के माध्यम से प्रतिभागियों में मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों की गहन समझ विकसित कराने का प्रयास किया जा रहा है।




