गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकाली गई भव्य कलश यात्रा

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज नगर के महाराजा अग्रसेन नगर वार्ड में रविवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के आयोजन को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सैकड़ों महिलाएं व पुरुष सिर पर कलश धारण कर राप्ती नदी तट से जल भरने के लिए रवाना हुए। कलश यात्रा महाराजा अग्रसेन नगर से आरंभ होकर मंदिर चौराहा होते हुए राप्ती तट तक पहुंची। इस दौरान हाथी, बैंड-बाजे और हर-हर महादेव, राधे-श्याम के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ पदयात्रा करते हुए राप्ती नदी पहुंचे। राप्ती तट पर सौरभ कृष्ण महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कराया। तत्पश्चात श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरकर पुनः कार्यक्रम स्थल पर लौटकर वैदिक विधि-विधान से कलश स्थापना की। भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस कलश यात्रा ने नगर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर दिया। इस अवसर पर मधुसूदन अग्रहरि, राजन अग्रहरि, राजकुमार अग्रहरि, अजीत अग्रहरि, संदीप जायसवाल, विजय सोनी, पप्पू कसौधन, अनिल कसौधन, परमात्मा अग्रहरि, शिवपूजन कसौधन, अरुण अग्रहरि, नंदू गुप्ता सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




