विद्युत संविदा कर्मी पर हुआ जानलेवा हमला
दैनिक बुद्ध का सन्देश
पयागपुर/ बहराइच। विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों के लिए एक बहुत बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है जिसमें आज उनके ऊपर जानलेवा हमला किया गया और इस जानलेवा हमले में संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला पयागपुर थाने के खुटेहना पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम हवडा दाखिला सतपेडिया का है जहां पर शुक्रवार को विद्युत बकाया की वसूली करने गए एक संविदा कर्मी पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग में संविदा पर कार्यरत सिपाही लाल पुत्र राम मनोहर अपने साथी कर्मचारी मनोज और वेद कुमार मिश्रा के साथ हवड़ा गांव दाखिला सतपेडिया में विद्युत उपभोक्ता लायक राम पुत्र नानमून के घर पहुँचे थे। उन्होंने लायक राम से विद्युत बिल की बकाया धनराशि जमा करने को कहा। इस बात से नाराज़ होकर, उपभोक्ता लायक राम ने न सिर्फ़ टीम के साथ गाली गलौज की, बल्कि आवेश में आकर सिपाही लाल पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में संविदा कर्मी सिपाही लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल संविदा कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर इसका इलाज चल रहा है। इस गंभीर प्रकरण पर, विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता दीपेंद्र कुमार ने खुटेहना चौकी में लायक राम के ख़िलाफ़ नामजद प्रार्थना पत्र दिया है और हमलावर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दिया है।





