विधायक ने रात में पहरा देने वाले लोगों से की मुलाकात

डुमरियागंज। डुमरियागंज क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। जिसको देखते हुए सोमवार की रात विधायक सैय्यदा खातून ने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खजुवा, बगहवा, भरहिया, शाहपुर, शिकहरा कोहड़ा, बेवा, बयारा, चकचई और भडरिया चौराहा सहित अन्य ग्रामों के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बीते कुछ दिनों से इलाके में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। चोर रात के अंधेरे में घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं, जिससे लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता बेहद कम है और गश्त न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। विधायक ने लोगों की व्यथा सुनने के बाद आश्वासन दिया कि वह उच्च अधिकारियों से तुरंत बात करेंगी और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग करेंगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे रात के समय सतर्क रहें और अनजान व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगाह रखें। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं से बचाव के लिए ग्रामीणों को भी सामूहिक चौकसी करनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि जनता लगातार भय और असुरक्षा की स्थिति में जी रही है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। अपराध पर रोक लगाने के बजाय प्रशासन की लापरवाही से जनता की परिस्थितियों का मजाक बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक शासन-प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, तब तक लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए स्वयं जागरूक और संगठित रहना होगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी आवाज शासन तक पहुंचाई जाएगी और डुमरियागंज क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।




