मलवरी स्कूल की सान्वी भालोटिया का कमाल, संस्कृति मंत्री ने किया सम्मानित

महराजगंज। जनपद के मलवरी कान्वेंट स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा सान्वी भालोटिया ने अपनी विलक्षण कला प्रतिभा से जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ स्थित अपने कार्यालय में सम्मानित कर पुरस्कृत किया। सान्वी, सिसवा नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी परिवार एवं स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामप्रसाद भालोटिया की पड़पोती हैं। विशेष बात यह है कि सान्वी श्रवण बाधित हैं, इसके बावजूद उन्होंने विभिन्न मंचों पर कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए। हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनकी प्रतिभा की सराहना की थी। समाज के लिए प्रेरणा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन ने सान्वी को बधाई देते हुए कहा कि सान्वी एक प्रतिभावान बालिका हैं। उनकी प्रस्तुतियां समाज को सकारात्मक संदेश देती हैं और ऐसे बच्चों को सरकार निरंतर मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। विद्यालय की भूमिका मलवेरी स्कूल की प्रधानाचार्या शुभ्रा सिंह जायसवाल ने कहा, “विद्यालय परिवार का यह कर्तव्य है कि हर छात्र-छात्रा की प्रतिभा को पहचाना जाए और उसे निखारने का हर संभव प्रयास किया जाए। मलवेरी स्कूल इस दिशा में निरंतर सक्रिय है।” स्थानीय सराहना रोटरी क्लब सिसवा के सदस्य एवं उद्यमी मुकेश जायसवाल ने कहा कि सान्वी का सफर महराजगंज की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊँचाई देगा। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष शिबू खान, सभासद अश्वनी रौनियार, मारवाड़ी युवा मंच के आशुतोष भालोटिया, भाजपा नेता धर्मनाथ खरवार, मनीष शर्मा और मदन राजभर ने भी सान्वी को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




