स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक

बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वास्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान” का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान की प्रभावी तैयारियों के संबंध में गुरुवार को सीएमओ कार्यालय कक्ष में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ. रस्तोगी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया मुक्त भारत, परिवार नियोजन, टीकाकरण एवं अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को इस अभियान से जोड़कर महिलाओं और परिवारों को लाभान्वित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर विशेष टीमों के गठन, व्यापक जनजागरूकता और कैंपों के सफल संचालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से “स्वस्थ नारी दृ सशक्त परिवार” का संदेश जन-जन तक पहुँचाना प्राथमिकता होगी। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी पी सिंह, डॉ अजय कुमार शुक्ला, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, डीएमओ राजेश पाण्डेय, डॉ श्याम श्रीवास्तव, सितांशु रजक, मोहनलाल जायसवाल, हरियानंद सिंह आदि उपस्थित रहे।




