अर्धनग्न अवस्था में संदिग्ध व अज्ञात भाषा बोलने वाला व्यक्ति हुआ गिरफ्तार

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। जनपद सिद्धार्थनगर के थाना क्षेत्र शोहरतगढ़ में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। भेलहिया गांव में मंगलवार की देर रात गश्त कर रहे ग्रामीणों ने इस व्यक्ति को पकड़ा। व्यक्ति के शरीर पर केवल हाफ पैंट थी और वह किसी अज्ञात भाषा में बात कर रहा था। ग्रामीणों ने तुरन्त डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति अभी तक मौन है। वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान और मकसद की जांच में जुटी है। क्षेत्र में लगातार चोरियां हो रही हैं। पुलिस की निगरानी के बावजूद चोरी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। इसलिए ग्रामीण खुद रात में गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यह व्यक्ति बांग्लादेशी हो सकता है। पुलिस ने कहा है कि अगर जांच में संदिग्ध का सम्बन्ध चोरी की घटनाओं या किसी नेटवर्क से निकला तो उस पर कार्रवाई की जायेगी।



