बारावफात पर गेट लगाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने
सीओ की मौजूदगी में दोनों समुदाय के लोग हुए सहमत, थानाध्यक्ष विंदेश्वरी बोले अफवाहों पर ध्यान न दें।

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड 11 रघुनाथ नगर के सुरहिया मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह बारावफात पर्व पर गेट लगाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। मुस्लिम पक्ष द्वारा गेट लगाने की तैयारी पर हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध जताया और कहासुनी होने लगी। सूचना मिलते ही सीओ पवीन प्रकाश व प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी पहुंचे और मामले को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया गया। थाने में सीओ की मौजूदगी में यह तय हुआ कि रमजान के घर से 10 फीट आगे पूरब दिशा में गेट लगाया जाएगा। सीओ ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का पटाखा या ऊंची आवाज का प्रयोग नहीं होगा। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कोई भी शब्द इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि किसी भी झूठी अफवाह पर ध्यान न दें और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ सम्पन्न कराएं। पिछले वर्ष इसी वार्ड में गेट और विसर्जन मार्ग को लेकर विवाद हुआ था। स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी थी। इस बार पुलिस ने पहले से ही सतर्कता बरतते हुए दोनों पक्षों को साथ बैठाकर विवाद का समाधान निकाला। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने कहा कि जामा मस्जिद चौराहा के पास मांस की दुकानें एक सप्ताह के भीतर हटा दी जाएंगी। इस दौरान अभय सिंह, बब्लू गौड़, राजकुमार मोदनवाल, प्रमोद श्रीवास्तव, दिनेश कुमार, किशोरी लाल गुप्ता, अल्ताफ हुसैन, भोंपू, सूरज गौड़ सहित दोनों पक्षों के। लोग मौजूद रहे।




