खेल महोत्सव में अधिकतम 8 खेलों को शामिल किया जायेगा – सांसद जगदम्बिका पाल

सिद्धार्थनगर। युवाओं में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन देशभर में किया जायेगा। महोत्सव का शुभारम्भ शुक्रवार को ऑनलाइन खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन को लेकर सॉफ्ट लॉन्च के साथ हो गया। जबकि मुख्य प्रतियोगिताएं 21 सितम्बर से 25 दिसम्बर तक तीन स्तर यथा गांव, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर आयोजित की जायेगी। डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल ने सांसद खेल महोत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए बताया कि इस महोत्सव में अधिकतम 8 खेलों को शामिल किया जायेगा। इनमें दौड़ (लघु व दीर्घ दूरी), फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट जैसे आधुनिक खेलों के साथ-साथ पारम्परिक खेल यथा खो-खो, कबड्डी, गिल्ली डण्डा आदि भी होंगे। इसके अलावा रस्साकशी, लेमन स्पून रेस और सैक रेस जैसे मनोरंजक खेल भी प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। सांसद ने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं में खेल, स्पोर्टिंग कल्चर और नेतृत्व को बढ़ावा देना। खेल और फिटनेस के माध्यम से समाज को एकजुट करना। फिट इंडिया का संदेश हर घर तक पहुंचाना और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करना है। सांसद ने बताया कि सभी संसदीय क्षेत्रों में एक साथ समापन समारोह आयोजित होंगे, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित कर सकते हैं। कहा कि सांसद खेल महोत्सव न सिर्फ युवाओं में खेलों की ललक जगायेगा, बल्कि समाज में फिटनेस और स्वास्थ्य के महत्व को भी घर-घर तक पहुंचायेगा। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग, युवा कल्याण विभाग समेत शिक्षक संगठनों, खेल संगठनों से महोत्सव को सफल बनाने की अपील की। बैठक में महोत्सव आयोजन समिति के सचिव अरूण कुमार प्रजापति, क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री, डीआईओएस के प्रतिनिधि अजय श्रीवास्तव, बीएसए के प्रतिनिधि महेन्द्र, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल समेत जिला ओलम्पिक संघ के जिलाध्यक्ष सन्तोष श्रीवास्तव, देवेन्द्र पाण्डेय, नर्वदेश्वर मणि त्रिपाठी, सच्चिदानन्द पाण्डेय, पंकज पासवान आदि मौजूद थे।




