शोहरतगढ़़ तहसील के खुनुवां क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में भू-माफियाओं की लम्बे समय से चल रही मनमानी पर प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाये हैं। आपको बता दें कि मंगलवार को शोहरतगढ़ तहसील के खुनुवां बार्डर के पास नो-मेन्स लैण्ड से सटे क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई में अवैध निर्माण की नींव, नाली और रास्तों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक टीम बगहवा गांव के उत्तर, राप्ती नहर की दक्षिण पटरी पर पहुंची। वहां भी आंशिक रूप से अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। इस अभियान के दौरान एडीएम गौरव श्रीवास्तव, एसडीएम राहुल सिंह, तहसीलदार अजय कुमार, प्रवीन प्रकाश, चौकी इंचार्ज सुधीर त्रिपाठी और लेखपाल प्रदीप शुक्ला सहित भारी प्रशासनिक टीम मौजूद रही। जनपद सिद्धार्थनगर की विभिन्न तहसीलों में भू-माफियाओं का जाल फैला हुआ है। चिल्हियां, शोहरतगढ़़, बढ़नी, इटवा, लोटन, मिठवल, भनवापुर, मिठलल और डुमरियागंज तक भू-माफिया सरकारी और गैर-कृषि योग्य भूमि पर अवैध प्लाटिंग कर करोड़ों रुपए की अवैध वसूली कर चुके हैं। अधिकांश मामलों में न तो कोई नक्शा पास कराया गया है और न ही विकास प्राधिकरण की अनुमति ली गई है। खेतों को खुलेआम काटकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। नाली-रास्ता अनाधिकृत रूप से बनाए जा रहे हैं। जमीन के कागजों में फर्जीवाड़ा भी हो रहा है। जिलाधिकारी डॉ0 राजा गणपति आर0 और एसपी डॉ0 अभिषेक कुमार महाजन के नेतृत्व में एक जिला स्तरीय विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है। यह टास्क फोर्स पूरे जिले में अवैध प्लाटिंग और भूमि अतिक्रमण की जांच करेगी। राजस्व विभाग, पुलिस और नगर निकाय की संयुक्त टीमें चिह्नित स्थानों पर सर्वे कर रही हैं। एडीएम गौरव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि भू-माफियाओं को चिन्हित किया जा रहा है। जहां भी अवैध प्लाटिंग होगी, वहां बुलडोजर चलेगा और जिम्मेदारों के खिलाफ फिर दर्ज की जायेगी।




