सोननगर गांव की सड़क पर जलभराव आवागमन में परेशानी

इटवा/सिद्धार्थनगर। विकास क्षेत्र इटवा के सोननगर गांव की सड़क पर जलभराव की समस्या गम्भीर हो गई है। सड़क पर लगातार पानी भरा रहने से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वालों को इस जलभराव से गुजरने में कठिनाई हो रही है। दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी इस मार्ग से गुजरने में अत्यधिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार समस्या का मुख्य कारण सड़क के किनारे बने घरों से निकलने वाला पानी है। इन घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे यहां हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है। वहीं ग्रामीण राममूरत, राज, रमेश, राजू और मुलायम ने इस समस्या के प्रति चिन्ता व्यक्त की है। स्थानीय प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की जा रही है ताकि ग्रामवासियों को राहत मिल सकें।



