भुगतान पूरा,पंचायत भवन अधूरा
बेलहर में अधूरे पड़े पंचायत भवनों के निर्माण में नहीं आ रही तेजी

दैनिक बुद्ध का संदेश/रामबिलास प्रजापति
संतकबीरनगर। बेलहर ब्लाक में पंचायत भवनों के निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आ रही है। कई ग्राम पंचायतों में अभी भी पंचायत भवन अधूरे हैं। लोगों को ब्लाक मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। कई ग्राम पंचायतों में पूरा भुगतान होने के बाद भी अभी भी पंचायत भवन अधूरे हैं। जिससे अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गांवों में पंचायती राज व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन बनाने का निर्देश दिया था। इस निर्माण के पीछे मंशा थी कि लोगों को ब्लाक स्तर पर सुविधाएं गांवों में मिलने लगेंगी। लोगों को गांव में ही परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म प्रमाण पत्र, मत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही साथ विकास कार्यों का खाका भी एक भवन के नीचे बैठकर खींचा जा सकेगा। वर्ष 2022-23 में जगह-जगह पंचायत भवनों का निर्माण शुरू हुआ। लेकिन बेलहर ब्लाक के बरैनिया ग्राम पंचायत में पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। जबकि निर्माण के लिए धन की निकासी पूरी कर ली गई। इसी के साथ ही केईगांव में भी पंचायत भवन का कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है। यहां भी पूरा पैसा निकल चुका है। स्थानीय लोग अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। उनका कहना है कि अक्सर अधिकारी अधूरे पड़े भवनों के निर्माण को पूरा करने का निर्देश देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इस निर्देश का पालन होता नहीं दिखाई दे रहा है। यह शासन के पैसे का दुरुपयोग है। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कहा कि मामला संज्ञान में है जांच कर दिए और सचिव और सचिव के खिलाफ जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण का कार्य अभी अधूरा है उन्हें एक पखवारे के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। तय समयसीमा के अंदर जहां भी पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं होगा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।




