वॉलीबाल में पंजाब की टीम ने कुरुक्षेत्र और प्रयागराज की टीम ने दिल्ली को हराया

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। नगर पंचायत बढ़नी के रामलीला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय 44वें ऑल इंडिया वॉलीबाल टूर्नामेंट में उद्घाटन मैच सोमवार को एलपीएन दिल्ली व एसएसबी लखनऊ के बीच दूधिया रोशनी में खेला गया। पहला सेट एलपीएन दिल्ली ने 25-20 से जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे सेट में एसएसबी लखनऊ ने 25-20 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबर कर लिया। इसके बाद खेले गए तीसरे व निर्णायक सेट को एलपीएन दिल्ली ने 31-29 से जीतकर मैच को 2-1 से अपने नाम कर लिया। अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी हरनूर, कप्तान चेतन, रॉबिन, राहुल, सचिन, चंद्र प्रकाश, लो लैविश ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर व जागृति स्पोर्टिंग क्लब बढ़नी के खिलाड़ियों के बीच मैच खेला गया। इसी क्रम में तीन दिवसीय 44वें ऑल इंडिया वॉलीबाल टूर्नामेंट के दूसरे दिन मंगलवार को पहला मैच पंजाब व कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के बीच खेला गया। पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुरुक्षेत्र को 25-22 व 25-17 के अन्तर से हरा दिया। पंजाब के खिलाड़ियों ने खेल की शुरूआत से ही विपक्षी टीम पर दबदबा बनाये रखा। वहीं खेल डेक्स से मिली खबरों के अनुसार दूसरे सेट में खेले गये वॉलीवाल टूर्नामेंट मैच में स्पोर्ट्स हास्टल प्रयागराज ने 25-20 से रेलवे दिल्ली को हराया। बढ़नी के श्रीराम लीला मैदान में जागृति ट्राफी खेल देखने के लिए सिद्धार्थनगर, बलरामपुर क्षेत्रों के अलावा नेपाल के पहाडी क्षेत्रो से सैकड़ों खेल दर्शक पहुंच रहे है। जागृति स्पोटिंग क्लब की तरफ से भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बढ़नी में आयोजित मैच का आंखों देखा हाल नेशनल कमेंट्रेटर जुग्गीराम राही, निजाम अहमद व अब्दुल हलीम ने सुनाया। निर्णायक का दायित्व नेशनल रेफरी संकटा सिंह, राम शिरोमणि सिंह, उपेन्द्र बहादुर सिंह, अंकित सिंह, पंकज दूबे, सीबी मिश्र, अलीमुद्दीन आदि ने बखूबी निभाया। इस दौरान निर्णायक की भूमिका शम्भूनाथ गुप्ता एवं अंकित सिंह ने निभाई। कमेंट्री इन्टरनेशनल एनाउंसर जुग्गी राम राही, अलीम अहमद ने किया। स्कोरिंग सहर्ष प्रताप गुप्त ने किया। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष अकील अहमद, आयोजन सचिव मो0 इब्राहीम, कार्यवाहक अध्यक्ष असलम खान, जावेद खान, अजय प्रताप गुप्त, निजाम अहमद आदि उपस्थित रहें।




