विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष में जागरूकता कार्यक्रम

बलरामपुर। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी के अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शब्द श्कैंसरश् अपने आप में इतना भयावह है कि इसे सुनते ही व्यक्ति की रूह कांप जाती है। कैंसर के मरीजों की मानसिक स्थिति का विवरण करना नामुमकिन है। हम लोगों को जागरुक बनाना चाहते हैं ताकि ज्यादातर प्रकार के कैंसर का उपचार किया जा सकता है और इसे नियन्त्रित किया जा सके। खासतौर पर अगर इसे शुरूआती अवस्था में ही पहचान कर जल्द से जल्द इलाज शुरू कर दिया जाए तो कैंसर के खिलाफ हम जंग जीत सकते हैं। इसके लिए हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि रोग की रोकथाम, जल्दी निदान एवं उपचार तथा पैलिएटिव केयर से जुड़ी सेवाओं को युनिवर्सल हेल्थ कवरेज में शामिल किया जाए। सीएमओ ने गोष्ठी में कैन्सर के बारे में बताया कि लोगों को कैन्सर जैसी जानलेवा बीमारी के बारें में अवगत कराने के लिए विश्व कैन्सर दिवस हर वर्ष 4 फरवरी को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते ही हैं कि हमारे शरीर में कई प्रकार की कोशिकाएं होती है लेकिन जब ये कोशिकाएं बढ़ जाती हैं और अनियन्त्रित हो जाती हैं एवं शरीर के हिस्सों को काम करने में दिक्कत देती है, और उन हिस्सों पर कोशिकाओं का गाँठ या ट्यूमर बन जाता है और बढ़ता रहता है, इस अवस्था को ही कैन्सर कहते हैं और यह शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकता है। सीएमओ ने कहा कि जीवनशैली में बदलाव जैसे सेहतमंद आहार, शारीरिक व्यायाम, एल्कोहल एवं तंबाकू का सेवन न करना कैंसर से बचने के कारगर तरीके हैं। इससे न सिर्फ कैंसर से बचाव होता है बल्कि जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है। इस अवसर पर डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा,डॉ ऋषि श्रीवास्तव, मोनिका अवस्थी सूर्यमणि त्रिपाठी, नासिर खान आदि उपस्थित रहे।




