अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चाचा गंभीर रूप से घायल

दैनिक बुद्ध का संदेश
श्रावस्ती/इकौना। थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम मोहिनीपुर स्थित नेशनल हाईवे-730 पर देर रात अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, लोहनिया निवासी रमेश कुमार (30) अपने चाचा दौलत राम (50) के साथ तड़वा महंत गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। मोहिनीपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। राहगीर समर चौधरी ने दोनों को घायल अवस्था में देखकर पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दौलत राम को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रमेश कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है तथा मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।



