नाबालिग की कथित पिटाई पर भड़का आक्रोश, सीओ को सौंपा ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
नौतनवा/महराजगंज। नौतनवा क्षेत्र में एक नाबालिग की कथित पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना से आक्रोशित लोगों ने भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी (सीओ) को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एक चौकी इंचार्ज तथा दो सिपाहियों ने नाबालिग के साथ बर्बर मारपीट की और उसे धमकाया। पीड़ित की मां का कहना है कि उसके बेटे के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे वह मानसिक और शारीरिक रूप से आहत है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी निर्दाेष के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी को दिए गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक भी मौजूद रहे।वहीं, क्षेत्राधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




