6 सूत्रीय मांगों को लेकर स्टांप वेंडरों का प्रदर्शन, एसडीएम व सब-रजिस्ट्रार को सौंपा ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।तहसील शोहरतगढ़ के स्टांप वेंडरों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) तथा सब-रजिस्ट्रार शोहरतगढ़ को सौंपा। स्टांप वेंडरों ने शासनादेश में संशोधन कर उनकी समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग उठाई।ज्ञापन में स्टांप वेंडरों ने कहा कि हाल ही में जारी ई-पंजीकरण एवं स्टांप व्यवस्था संबंधी शासनादेशों के कारण प्रदेश भर के हजारों स्टांप वेंडरों एवं उनके परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्टांप वेंडरों के हितों को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था में आवश्यक संशोधन किए जाएं।स्टांप वेंडरों ने अपनी छह प्रमुख मांगों में स्टेशनरी एवं प्रिंटिंग व्यय का समाधान, छोटे मूल्य के स्टांपों पर फॉर्म संख्या-3 की अनिवार्यता समाप्त करना, नीति निर्माण में एसीसी की भागीदारी सुनिश्चित करना, स्टांप वेंडर कल्याण अधिनियम लागू करना, लोकसेवक का दर्जा मिलने पर संबंधित सुविधाएं प्रदान करना तथा सभी मूल्य वर्ग के स्टांप पेपरों के लिए पर्याप्त मात्रा में कलर पेपर उपलब्ध कराना शामिल बताया। ज्ञापन के माध्यम से स्टांप वेंडरों ने यह भी मांग की कि शासनादेश संख्या 2523/4 जून 2026 के क्रियान्वयन पर पुनर्विचार करते हुए उन्हें नई ई-पंजीकरण व्यवस्था में समायोजित किया जाए, जिससे उनके रोजगार और आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। स्टांप वेंडरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने को बाध्य होंगे। धरना-प्रदर्शन के दौरान कालिका प्रसाद उपाध्याय, रामकेश्वर मिश्रा, उमेश चंद्र पांडेय, गुलाबचंद गुप्ता, विजय कुमार पांडेय एवं नरसिंह लाल श्रीवास्तव सहित तहसील क्षेत्र के कई स्टांप वेंडर मौजूद रहे।




