सिद्धार्थनगर में 85 लाख रुपये का गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, तीन फरार

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि 23 जून को बेलगढ़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शौचालय के निकट चेकिंग के दौरान पुलिस को पांच बोरों के पास खड़े चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीन लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित पुत्र मनीराम, निवासी फतेहगढ़, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पांच बोरों से 28 पैकेटों में रखा गया कुल 162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ गांजे की खेप को बस के माध्यम से नोएडा भेजने की तैयारी में था। पुलिस के पहुंचने पर उसके साथी फरार हो गए।पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी किसी संगठित तस्करी गिरोह की ओर संकेत करती है। जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी पिंटू चौरसिया और सूर्य प्रकाश चौरसिया मूल रूप से शिवनगर डिड़ई क्षेत्र के अयार गांव के निवासी हैं और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे हैं। तीसरे आरोपी अमन की तलाश जारी है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और उसके साथियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। मामले में थाना शिवनगर डिड़ई पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गांजे की खेप के स्रोत, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर इससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।




