मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, हत्या का मुकदमा दर्ज

दैनिक बुद्ध का संदेश
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ के नीबी दोहनी गांव निवासी इंद्रेश यादव पुत्र रामगुलाम को कुछ दिन पहले हुए विवाद में गंभीर चोटें आई थीं। घायल अवस्था में उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया था।इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उनकी मौत हो गई। मृतक के चाचा श्याम सुंदर की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही राजमणि चौहान समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




