राज्य स्तरीय स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता में शामिल होने के लिये टीम रवाना

सिद्धार्थनगर। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राज्य स्तरीय स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता-2025 का आयोजन 13 नवम्बर को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बाराबंकी में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में सिद्धार्थनगर जनपद का प्रतिनिधित्व रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरीबाज़ार की बालिका वर्ग की पाईप बैण्ड टीम करेगी। विद्यालय की टीम बुधवार को प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव एवं शिक्षकगणों के मार्गदर्शन में आयोजन स्थल बाराबंकी के लिए रवाना हुई। रवाना होते समय विद्यालय परिवार ने छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं एवं उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कृ “विद्यालय की छात्राएँ अनुशासन, तालमेल और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुति देकर निश्चित ही जिले का नाम गौरवान्वित करेंगी।” इसी क्रम में बालिका वर्ग की प्रधानाचार्या उमा सिंह ने कहा कृ “टीम ने लगन व समर्पण के साथ निरंतर अभ्यास किया है, हमें पूर्ण विश्वास है कि हमारी छात्राएँ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।” विद्यालय प्रबंध समिति एवं शिक्षकों ने भी छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।




