एसपीपीजी महाविद्यालय में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस का भव्य आयोजन

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। स्थानीय शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएनएस) दिवस का आयोजन बुधवार को उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए रेलवे परिसर एवं स्टैण्ड के बाहरी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन महाविद्यालय के लोअर हॉल में सम्पन्न हुआ, जिसमें विविध सांस्कृतिक एवं प्रेरणात्मक गतिविधियां आयोजित की गई। एनएनएस के आदर्शों को समर्पित इस दिवस पर छात्र-छात्राओं ने सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो0 अरविन्द कुमार सिंह रहे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक अभिभाषण में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को केवल सेवा का पाठ नहीं पढ़ाती, बल्कि उन्हें समाज का सजग प्रहरी बनाती है। स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, यह एक संस्कार है, जो हमें भीतर से उज्ज्वल बनाता है। एनएनएस के स्वयंसेवक राष्ट्र की रीढ़ हैं, जो निःस्वार्थ भाव से समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण करना है। एनएनएस जैसे कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं में नेतृत्व, संवेदनशीलता और सामाजिक समर्पण की भावना विकसित होती है। हमें गर्व है कि हमारे महाविद्यालय के स्वयंसेवक इन मूल्यों को जीवन्त करते हैं। कार्यक्रम के अन्त में राष्ट्रीय सेवा योजना गीत ष्उठे समाज के लिए उठें उठें…ष् का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम का संचालन रानी लक्ष्मीबाई इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 ए0के0 सिंह द्वारा गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानन्द इकाई के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 राम किशोर सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक सदस्य डॉ0 धर्मेंद्र सिंह, डॉ0 अजय सिंह, डॉ0 वी0के0 सिंह, डॉ0 प्रवीन कुमार, अश्विनी सिंह आदि एवं छात्र-छात्राएं खुशी पाण्डेय, खुशी मिश्रा, नीलू, चम्पा आदि उपस्थित रहें।




